नाम – ईश्वर सिंह
पद – विधायक, गुहला विधानसभा क्षेत्र (हरियाणा)
नवप्रवर्तक कोड – 71184791
गुहला विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे श्री ईश्वर सिंह जननायक जनता पार्टी के अंतर्गत विधायक पद पर सेवाएं दे रहे हैं. जननायक जनता पार्टी का गठन दुष्यंत चौटाला के द्वारा किया गया था, मुख्य रूप से यह क्षेत्रीय पार्टी मानी जाती है और हरियाणा में बेहद प्रभावी माने जाने वाले चौटाला परिवार से इसकी जडें जुड़ी हुई हैं.
बात यदि गुहला विधानसभा सीट की हो तो यह कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की नौ विधानसभा सीटों में से एक और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से एक है और राजनैतिक दृष्टिकोण से इसे काफी अहम माना जाता है. मुख्यतः ग्रामीण बहुल क्षेत्र गुहला हरियाणा के कैथल जिले में स्थित है, जिसे गुहला चीका विधानसभा क्षेत्र के नाम से भी जाना जाता है. यहां सर्वप्रथम चुनाव वर्ष 1977 में हुए थे, जिनमें जनता पार्टी से ईश्वर सिंह को जनता ने अपना विधायक चुना था.
ईश्वर सिंह मूल रूप से हरियाणा के कैथल जिले में आने वाले जदौला ग्राम के निवासी हैं और विगत 40 वर्षों के राजनैतिक एवं सामाजिक अनुभव के आधार पर वह हरियाणा की राजनीति में अहम भूमिका निभा रहे हैं. गुहला चीका क्षेत्र का पहला विधायक बनने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है, इसके साथ साथ वह वर्ष 2008-14 तक हरियाणा से राज्य सभा के सदस्य भी रह चुके हैं.
राजनीति के अंतर्गत ईश्वर सिंह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़े रहे हैं और वर्ष 2019 के चुनावों में जब उन्हें कांग्रेस से टिकट नहीं मिली तो उन्होंने जननायक जनता पार्टी का दामन थाम लिया. इस सीट पर उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के चौधरी दिलु राम को 4 हजार 574 के अंतर से पीछे छोड़ते हुए गुहला विधानसभा सीट पर जीत हासिल की.
अपने 1977 के कार्यकाल में ईश्वर सिंह ने गुहला को उपमंडल का का दर्जा दिलवाने से लेकर तहसील बनाने, बिजली घर बनवाने, अस्पताल बनवाने, हैफेड में बड़े गोदामों का निर्माण सहित बहुत से विकास कार्य करवाए, जिनका लाभ आज भी जनता को मिल रहा है. वर्तमान कार्यकाल में भी ईश्वर सिंह विभिन्न विकासात्मक योजनाओं से जुड़े हैं.